Pushpa 2 Trailer Launch : पुष्पा फिल्म का ये जानदार डायलॉग आपको याद तो होगा ही, जब फिल्म का हीरो अल्लू अर्जुन कहता है “पुष्पा साला झुकेगा नहीं” और दर्शकों में धमाल मच जाता है। यह डायलॉग इतना पॉप्युलर हो गया है कि अभी तक सोशल मीडिया में खूब वायरल है। इस डायलॉग में नया ट्विस्ट तब आ गया जब अल्लू अर्जुन बिहार की राजधानी पटना पहुंचे, कार्यक्रम था पुष्पा 2 : द रूल के ट्रेलर लॉन्च (Pushpa 2 Trailer Launch ) का।
खचाखच भीड़ से भरे पटना के गांधी मैदान में जब फिल्म के हीरो अल्लू अर्जुन बिहारी दर्शकों से रूबरू हुए और अपना डायलॉग सुनाया “पुष्पा कभी झुकेगा नहीं” तो खूब तालियां बजीं, लेकिन उसके बाद बिहारियों का दिल जीतने के लिए अल्लू अर्जुन ने कहा कि “पुष्पा आज जरूर झुकेगा” तो पूरे गांधी मैदान में तालियों की गड़गड़ाहट गूंजने लगी। पुष्पा झुका बिहार के लोगों के प्यार के आगे, मौका था पुष्पा 2 ट्रेलर लॉन्च का। बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में लाखों लोगों की भीड़ के बीच धमाकेदार ढंग से पुष्पा 2 का ट्रेलर लॉन्च किया गया।
पटना में लॉन्च हुआ पुष्पा 2: द रूल का ट्रेलर
पटना के गांधी मैदान में पुष्पा 2 : द रूल के ट्रेलर लॉन्च के लिए फिल्म के हीरो अल्लू अर्जुन, हीरोइन रश्मिका मंदांना और पूरी टीम पहुंची थी। बिहार के लोगों का प्यार देखकर अल्लू अर्जुन अभिभूत हो गए। गांधी मैदान में इस इवेंट के लिए एक लाख से ज्यादा की भीड़ मौजूद थी। फैंस फिल्म की स्टार कास्ट की एक झलक पाने के लिए बेचैन थे। बिहार की धरती पर इतना प्यार देखकर अल्लू अर्जुन ने भी कहा “बिहार के पावन धरती को मेरा शत-शत प्रणाम। पहली बार बिहार आया हूं, आपके प्यार और स्वागत के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। पुष्पा कभी झुकेगा नहीं, लेकिन आज पहली बार आपके प्यार के लिए झुकेगा।” लॉन्च के लिए पटना के गांधी मैदान में लोगों की अपार भीड़ जमा हो गई थी।
भीड़ को संभालने के लिए करना पड़ा लाठीचार्ज
इस कार्यक्रम को लाइव देखने के लिए पटना के गांधी मैदान में बड़ी संख्या में भीड़ पहुंच गई थी। अनुमान के मुताबिक एक लाख से ज्यादा लोग गांधी मैदान में मौजूद थे। इस दौरान बेकाबू भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज भी करना पड़ा। अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना को देखने के लिए फैंस ऊंची होर्डिंग पर भी चढ़ गए थे। बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने स्टेज पर आकर फिल्म के हीरो हीरोइन का स्वागत किया।
पुष्पा 2 में दिखेगा अल्लू अर्जुन का खूंखार अवतार
फिल्म के 3 मिनट के ट्रेलर में अल्लू अर्जुन को खतरनाक अवतार में दिखाया गया है। फिल्म में अल्लू अर्जुन के अलावा रश्मिका मंदाना और फहाद फामिल भी नजर आएंगे।
5 दिसंबर को रिलीज हो रही है पुष्पा 2
पुष्पा 2 : द रूल देश भर में 5 दिसंबर को रिलीज की जाएगी। फिल्म का डायरेक्शन सुकुमार ने किया है और फिल्म के निर्माता है मैथरी मूवी मेकर्स । इस बार भी फिल्म में धांसू डायलॉग की भरमार रहेगी। आप भी देखिए कुछ धांसू डायलॉग की झलक जो ट्रेलर में देखने को मिली है।
“पुष्पा ढाई अक्षर का नाम छोटा है, लेकिन साउंड बहुत बड़ा है।”
“पुष्पा सिर्फ एक नाम नहीं है, पुष्पा मतलब ब्रांड”
“पुष्पा को नेशनल खिलाड़ी समझे क्या, इंटरनेशनल है”
पुष्पा 2 : द रूल को 1000 करोड़ की कमाई की है उम्मीद
2021 में रिलीज हुई पुष्पा द राइज साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म साबित हुई थी। फिल्म ने भारत में 313 और वर्ल्ड वाइड में 350 करोड रुपए का कारोबार किया था। इस बार फिल्म के निर्माताओं को उम्मीद है कि पुष्पा 2: द रूल, कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली फिल्म बनेगी।