SBI JanNivesh SIP : बचत छोटी हो या बड़ी वह किसी भी व्यक्ति या परिवार के आड़े वक्त में काम ही आती है। भारतीय परिवारों में बचत को लेकर हमेशा ही झुकाव रहा है। फिर वह चाहे एक गृहणी की घर की कमाई में से छोटी-मोटी बचत हो या फिर नौकरी पेशा लोगों का विभिन्न योजनाओं में निवेश। बचत को लेकर मध्य वर्ग के लोग हमेशा उन योजनाओं को तरजीह देते हैं जहां उनका पैसा सुरक्षित रहे और निवेश पर अच्छा फायदा भी हो। पिछले कुछ वर्षों से लोगों में SIP में निवेश करने को लेकर उत्साह बढ़ा है और SIP में निवेश को सुरक्षित भी माना जाता है। पर आम तौर पर नौकरी पेशा या पेशेवर लोग ही SIP में निवेश करते हैं। निम्न मध्य वर्ग या असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले या छोटा-मोटा धंधा करने वाले लोगों, खास तौर पर ग्रामीण इलाकों या छोटे शहरों में रहने वाले लोगों को लगता है की SIP में निवेश उनके लिए नहीं बना है। उनके लिए तो बैंक में बचत या छोटी-मोटी FD ही विकल्प है। उन्हें ऐसा इसलिए लगता है क्योंकि वह सोचते हैं कि शायद SIP में अधिक निवेश करना पड़ता है। पर अब SBI JanNivesh SIP से उनकी ये सोच बदल जाएगी।
SBI लाया है ऐसा म्युचुअल फंड जो सबके लिए है
एसबीआई की JanNivesh SIP में केवल 250 रूपये प्रति माह से आप शुरुआत कर सकते हैं। इस SIP में एसबीआई के भरोसे के साथ छोटी राशि के साथ SIP खोलने और अपने निवेश पर अच्छा रिटर्न पाने का मौका अब समाज के हर वर्ग को मिलने वाला है। एसबीआई ने खास तौर पर छोटे निवेशकों को ध्यान में रखकर जन निवेश एस आई पी की शुरुआत की है। इसका मकसद गांव या छोटे शहरों में रहने वाले सामान्य लोगों को भी SIP की सुविधा देना है।
क्या होती है SIP
सिस्टमैटिक इंवेस्टमेंट प्लान (SIP) एक ऐसी निवेश योजना है जो निवेशकों को सावधानीपूर्वक सूचित तरीके से निवेश करने का मौका देती है। आप इसमें एक छोटी रकम को नियमित अंतराल के लिए निवेश कर सकते हैं, जिससे आपको, आपके वित्तीय लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिल सकती है। SIP के माध्यम से निवेश करने से बाज़ार की अस्थिरता या उतार-चढ़ाव से बचने का मौका मिलता है, क्योंकि वह नियमित निवेश में बदलते बाज़ार की स्थिति से निरंतर बदलती रहती है। इससे आपकी वित्तीय स्थिति में स्थिरता बनी रहती है।
म्यूचुअल फंड में एसआईपी क्या है ?
SIP म्यूचुअल फंड में व्यक्ति एक निश्चित फंड योजना का चुनाव करता है और निश्चित-समय पर छोटी राशि में निवेश करता है। इस प्रणाली की विशेषता है कि यह वित्तीय स्थिति को सुधारने के लिए नियमित रूप से निवेश करने का मौका देती है, जिससे उच्च रिटर्न की संभावना बनी रहती है।
म्युचूअल फंड में नियमित रूप से कम धन राशि के साथ भी निवेश कर सकते हैं। यह उन निवेशकों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है जिनकी आय कम हो या जो नियमित रूप से निवेश करना चाहते हैं। SIP में निवेश करके आप कम्पाउन्डिंग का लाभ उठा सकते हैं। जितने ज़्यादा समय तक आप निवेश करते हैं, उतना ही आपको रिटर्न भी मिलता है। सिस्टमेटिक निवेश के द्वारा, आप अपने बजट के अनुसार निवेश कर सकते हैं और अपनी वित्तीय स्थिति को सुधार सकते हैं।
SBI JanNivesh SIP का मकसद छोटे शहरों और गांव तक भी म्युचुअल फंड तक लोगों की पहुंच को आसान बनाना है। यही वजह है कि लोगों को म्युचुअल फंड से जोड़ने के लिए कम से कम मासिक किश्त केवल 250 रुपए रखी गई है। जबकि अन्य सभी बैंकों में SIP में न्यूनतम निवेश राशि 500 रूपये है। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों में SIP को प्रोत्साहित करने के लिए एसबीआई द्वारा यह पहल की गई है। एसबीआई की शाखाएं देश भर के सुदूर इलाकों में भी हैं और ग्रामीण या छोटे शहरों में रहने वाले लोग भी एसबीआई में जमा, बचत या निवेश को सुरक्षित मानते हैं। सेबी चेयरपर्सन माधुरी पुरी बुच और भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष चल्ला श्री निवासुलु शेट्टी ने 17 फरवरी को SBI JanNivesh SIP की शुरुआत की।
SBI में SIP में लंबी अवधि के निवेश से मिलेगा फायदा
एसबीआई की JanNivesh SIP छोटी आय और छोटा व्यवसाय करने वाले लोगों को भी एक किफायती और कम कीमत वाले SIP द्वारा लंबी अवधि में अच्छे निवेश की सुविधा देती है। जिससे वे अपने दूरगामी आर्थिक लक्ष्य पूरा कर सकते हैं। मान लीजिए कोई व्यक्ति अपने बच्चे के जन्म के साथ इस SIP में ढाई सौ रुपए प्रतिमाह के साथ निवेश करता है तो वह 20 या 25 वर्ष में लाखों रुपए का रिटर्न हासिल कर सकता है।
SBI JanNivesh SIP सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है
एसबीआई की यह म्युचुअल फंड योजना सभी डिजिटल ऐप पर मौजूद है। जिससे इस योजना में आसानी से निवेश किया जा सकता है। एसबीआई के YONO ऐप के अलावा यह सुविधा पेटीएम, Groww और Zerodha जैसे ऐप पर भी उपलब्ध है।
डिजिटल रूप से निवेश करने वालों के लिए इस SBI JanNivesh SIP प्लान की खास बात यह है कि इसे आसानी से अपने मोबाइल के जरिए ऑपरेट किया जा सकता है। SEBI चेयरपर्सन माधुरी पुरी बुच ने 250 रुपये के निवेश वाले एसआईपी की शुरुआत को अपने ‘सबसे प्यारे सपनों’ में से एक बताया और कहा कि “यह सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि इससे कहीं अधिक है।” वित्तीय निवेश को लेकर SBI JanNivesh SIP को एक दूरगामी व कम आमदनी वाले लोगों के लिए बड़ा बदलाव कहा जा सकता है, वाकई इससे देश के ग्रामीण इलाको और छोटे शहरों में भी सभी नागरिकों तक SIP की पहुंच अब हो पाएगी।