California Almonds Tariff War : दिमाग तेज करना है तो बादाम खाओ, सेहत बनानी है तो बादाम खाओ, त्वचा में चमक लानी है तो बादाम खाओ। बादाम के ये गुण आपने अक्सर सुने होंगे और जब बादाम खरीदने की बात आती है तो क्या आप जानते हैं दुनिया भर में कैलिफोर्निया बादाम ही सबसे ज्यादा बेचे और खरीदे जाते हैं। पूरी दुनिया में अपने स्वाद और पौष्टिकता के लिए मशहूर हैं कैलिफोर्निया बादाम।
दुनिया के 80 फ़ीसदी बादाम का उत्पादन करता है कैलिफोर्निया
अकेले कैलिफोर्निया में 7,600 बादाम उत्पादक और करीब 100 बादाम प्रोसेस करने वाले प्रतिष्ठान हैं। कैलिफोर्निया पूरी दुनिया के लिए 80 फ़ीसदी बादाम का उत्पादन करता है। कैलिफोर्निया बादाम European Union, चीन और भारत समेत कई देशों में एक्सपोर्ट किया जाता है। बादाम अमेरिका की सबसे महंगी निर्यात होने वाली फसल भी है। यूरोपीय यूनियन इसकी सबसे बड़ी मार्केट है। भारत में भी आपने कैलिफोर्निया बादाम जरूर खरीदे होगें और खाए भी होंगे। लंबे और सुनहरे रंग के कैलिफोर्निया बादाम दुनिया के अधिकतर देशों के बाजारों में बिकते हैं। दुनिया भर में अरबों डॉलर का निर्यात करने वाले कैलिफोर्निया बादाम न सिर्फ अमेरिका की कैलिफोर्निया राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है बल्कि अमेरिका की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। लेकिन अब ट्रंप प्रशासन के टैरिफ वार के कारण कैलिफोर्निया बादाम पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
क्यों खास है कैलिफोर्निया बादाम
अपने पोषक तत्व और खास स्वाद की वजह से कैलिफोर्निया बादाम दुनिया भर में पसंद किए जाते हैं।
बादाम सेहत के लिए बहुत फ़ायदेमंद होते हैं। ये विटामिन ई, मैग्नीशियम, और फ़ाइबर से भरपूर होते हैं। बादाम खाने से हृदय रोग का खतरा कम होता है। ये बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने के साथ कोलेस्ट्रॉल के स्तर को मैनेज करने में भी मदद करते हैं। बादाम का नियमित और संयमित सेवन ब्लड शुगर लेवल को बेहतर बनाने में भी मदद करता है। स्किन की सेहत और बेहतर याददाश्त के लिए भी बादाम पोषण का एक अच्छा स्त्रोत है।
कैलिफोर्निया बादाम की खूबियां
कैलिफ़ोर्निया बादाम, आकार में दूसरे बादामों से बड़े और चौड़े होते हैं। ये स्वाभाविक रूप से मीठे होते हैं और ये विटामिन ए, बी, और ई का अच्छा स्त्रोत माने जाते हैं। इनमे मोनोअनसैचुरेटेड फैटी एसिड अच्छी मात्रा में होता है।
कैलिफोर्निया बादाम के व्यवसाय पर टैरिफ वॉर से संकट
California Almonds Tariff War
कैलिफोर्निया बादाम का व्यवसाय करने वाले इस वक्त परेशान और असमंजस में हैं क्योंकि उन्हें नहीं पता कि आने वाले समय में उनके व्यवसाय पर टैरिफ की वजह से कितना खराब असर पड़ सकता है। बात करें 2022 की तो कैलिफोर्निया ने दुनिया भर में 4.7 अरब डॉलर के बादाम बेचे थे। कैलिफोर्निया में मुख्य रूप से बादाम का ही उत्पादन होता है। कैलिफोर्निया में खासतौर पर बेकर्स फील्ड और चिको नाम की जगह के बीच बड़े-बड़े बादाम के बागान हैं। सेंट्रल वैली भी बादाम के बागानों से भरी पड़ी है। कैलिफोर्निया की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा बादाम का बाजार ही है। लेकिन अब राष्ट्रपति ट्रंप की वजह से बादाम के व्यवसाय को झटका लग सकता है, क्योंकि कैलिफोर्निया बादाम का बड़ा उपभोक्ता चीन अब टैरिफ वार के तहत इस पर अधिक शुल्क लगा रहा है। 2022 में चीन ने अमेरिका से कुल 1.8 अरब डॉलर के कैलिफोर्निया बादाम खरीदे थे लेकिन अब ट्रंप के आयात शुल्क के जवाब में बीजिंग ने भी कैलिफोर्निया बादाम पर कुल 35% टैक्स लगा दिया है। इस वजह से कैलिफोर्निया से चीन को होने वाले बादाम का निर्यात 50% से ज्यादा गिर चुका है। चीन ने अब ऑस्ट्रेलिया से बादाम खरीदने शुरू कर दिए हैं जहां पर बादाम पर टैरिफ नहीं लगाया जाता।
ट्रम्प के टैरिफ के जवाब में चीन भी अब खुलकर सामने आ गया है। चीन ने कहा है कि अमेरिका में उगाए जाने वाले गेहूं, मक्का, कपास और वहां से आयात होने वाले चिकन पर अतिरिक्त 15% टैरिफ लगाया जाएगा। ज्वार, सोयाबीन, पोर्क, बीफ, समुद्री भोजन, फल, सब्जियां और डेयरी उत्पादों पर भी अतिरिक्त 10% टैरिफ लगाया जाएगा।
चीन, यूरोपीय यूनियन और भारत कैलिफोर्निया बादाम के बड़े खरीदार
कैलिफोर्निया के कृषि आंकड़ों के मुताबिक अमेरिका, भारत और यूरोपीय यूनियन को करीब 50 फीसदी बादाम बेचता है। अब ट्रंप भारत और यूरोपीय यूनियन के देशों पर भी टैरिफ लगा रहे हैं। अमेरिकी व्यापार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अमेरिका, भारत के अलावा यूरोपीय यूनियन और मध्य पूर्व के देशों के साथ टैरिफ वार का आगाज करते हैं, तो कैलिफोर्निया का बादाम उद्योग बुरी तरह प्रभावित होगा। कैलिफोर्निया में इस वक्त बादाम की नई फसल तैयार हो रही है और पहले का दो तिहाई स्टॉक भी भरा पड़ा है। विश्लेषकों का मानना है कि गोदाम में रखा पुराना स्टॉक और नई फसल को बाजार न मिलने से उत्पादकों को जबरदस्त नुकसान हो सकता है। Tariff War की घोषणा के बाद उत्पादक अपनी लागत भी नहीं निकल पा रहे हैं। चीन, यूरोपीय यूनियन और मध्य पूर्व के देशों से प्रतिक्रियात्मक टैरिफ कार्रवाई के बाद अमेरिका में बादाम की कीमत और भी गिर जाएगी जिससे फार्म मालिकों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। ट्रंप के सत्ता में दुबारा आने के बाद कैलिफोर्निया बादाम की कीमत 30 फीसदी तक गिर चुकी है और इसमें और भी गिरावट आने की संभावना है। कैलिफोर्निया में स्टीवर्ट और जैस्पर जैसी कई कंपनियां है जो बादाम उगाने, प्रोसेस करने, पैक करने समेत बेचने का काम भी खुद करती हैं। इससे बड़ी संख्या में लोगों का रोजगार भी जुड़ा है। बादाम उद्योग कैलिफोर्निया में लगभग सवा लाख नौकरियां देता है। ऐसे में इस टैरिफ वार से रोजगार प्रभावित होने की भी संभावना है।
कैलिफ़ोर्निया के न्यूमैन में स्टीवर्ट और जैस्पर ऑर्चर्ड्स के अधिकारियों का मानना है कि चीन के जवाबी हमले के बाद कैलिफ़ोर्निया के कई बादाम निर्यातकों ने अपना ध्यान अन्य बाज़ारों पर केंद्रित कर दिया है। उन्होंने कहा है कि कनाडाई खरीदार वर्तमान में संभावित रूप से प्रभावी होने वाले टैरिफ से पहले कैलिफ़ोर्निया बादाम खरीद रहे हैं लेकिन टैरिफ लागू हो जाने के बाद इस तरह की खरीद नहीं हो पाएगी।
अधिकारियों अनुसार टैरिफ एक चुनौती है, लेकिन इससे भी बड़ी चुनौती बादाम उत्पादकों के लिए असमंजस की स्थिति है, क्योंकि ट्रंप प्रशासन ने कई टैरिफ फैसलों को लटकाया भी हुआ है। जिससे आगे की योजना बना पाना भी मुश्किल हो रहा है। कई उत्पादक इस नीति के बाद कम से कम तीन साल तक नया बाग नहीं लगाएंगे। जिससे आगे के दो दशकों के उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
भारत में कितना महंगा हो जाएगा कैलिफोर्निया बादाम
भारत में कैलिफोर्निया बादाम की कीमत कई कारकों पर निर्भर करती है, जैसे कि आयात शुल्क, टैरिफ, और बाजार की मांग। वर्तमान में, भारत में कैलिफोर्निया बादाम की कीमत लगभग 600 से 800 रुपये प्रति किलोग्राम है।टैरिफ लगने के बाद, कैलिफोर्निया बादाम की कीमत में वृद्धि हो सकती है। टैरिफ लगता है, तो कैलिफोर्निया बादाम की कीमत में 10 से 20% की वृद्धि हो सकती है।California Almonds Tariff War
इससे पहले 2018 में भी चीन अमेरिका के टैरिफ वार के दौरान चीन ने कैलिफोर्निया बादाम पर 50% टैरिफ लगाया था और अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से बादाम लेना शुरू कर दिया था । अब यदि ट्रंप इसी तरह अपनी टैरिफ वार की नीति को जारी रखते हैं तो उनके यह तमाम फैसले अमेरिका के कैलिफोर्निया बादाम के व्यवसाय समेत कई दूसरे व्यवसायों के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। और यदि ऐसा होता है तो इस टैरिफ वार का जल्द ही अमेरिका पर भी विपरीत असर दिखाई दे सकता है। जिससे वहां पर महंगाई और बेरोजगारी की परेशानी भी खड़ी हो सकती है। ऐसे में अमेरिकी वर्चस्व की धौंस जमाने के लिए शुरू किया गया टैरिफ वार कहीं अमेरिका के लिए ही महंगा सौदा ना बन जाए !