Delhi Electric Bus Fleet : दिल्ली सरकार पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कदम उठा रही है। राजधानी में बढ़ते हुए प्रदूषण को देखते हुए सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने पर जोर दे रही है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भी इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली की सड़कों पर इलेक्ट्रिक बसों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी की सरकार के परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के सक्सेना ने 30 जुलाई 2024 को दिल्ली को 320 नई इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा दिया है।
देश में अव्वल नंबर पर राजधानी
320 नई इलेक्ट्रिक बसों के साथ राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पूरे देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसे चलाने वाला शहर बन गया है।
पूरे देश में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें (E-Bus) दिल्ली में
राजधानी दिल्ली की सड़कों पर 1970 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन हो रहा है। इस आंकड़े के साथ ही, दिल्ली देश भर में सबसे अधिक इलेक्ट्रिक बसें चलाने वाला शहर बन गया है ।
इलेक्ट्रिक बसों (Electric Bus) के मामले में दुनिया में नंबर दो पर है दिल्ली
देश भर में इलेक्ट्रिक बसों के मामले में तो दिल्ली अव्वल नंबर है ही, लेकिन पूरी दुनिया में भी दिल्ली इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन के मामले में दूसरे नंबर पर है। वर्तमान में चिली ( Chile) के शहर सैंटियागो (Santiago) में सबसे अधिक 2267 इलेक्ट्रिक बसें हैं।
2025 तक दिल्ली में होगी 8000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक बसें (E-Bus)
दिल्ली सरकार के परिवहनअधिकारियों के मुताबिक साल 2025 तक दिल्ली में 10,480 बसों के संचालन का लक्ष्य है। जिसमें से 80 फ़ीसदी यानी लगभग 8280 इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी।
ग्रीन और क्लीन एनर्जी से पर्यावरण होगा साफ
दिल्ली सरकार का मानना है कि इलेक्ट्रिक बसों के परिचालन से एक वर्ष में कार्बन उत्सर्जन में 4,67,000 टन की कमी आएगी। वर्तमान समय में दिल्ली के सरकारी बसों के बेड़े में 25 फ़ीसदी इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। जिन्हें 2025 में 80 फ़ीसदी करने का लक्ष्य है । सरकार को उम्मीद है कि दिल्ली के पर्यावरण को साफ करने की दिशा में इलेक्ट्रिक बसें बेहतर विकल्प साबित होगीं।