Rekha Gupta Delhi CM: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से पढ़ाई की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री बन जाने के बाद उनके कॉलेज के लिए भी यह गर्व का क्षण है। रेखा गुप्ता द्वारा दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद दौलत राम कॉलेज द्वारा उन्हें बधाई दी गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से वर्ष 1995 में बीकॉम ऑनर्स की डिग्री हासिल की थी।
दौलत राम कॉलेज की प्रधानाचार्या ने रेखा गुप्ता को दी बधाई
कॉलेज की प्रधानाचार्य सविता रॉय ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी है और इसे कॉलेज के लिए भी गर्व का क्षण बताया है। दौलत राम कॉलेज की प्रधानाचार्य ने कॉलेज की एल्युमिनाई एसोसिएशन को प्रेषित पत्र में लिखा है। “दौलत राम कॉलेज के लिए यह खुशी का मौका है। हमारे लिए ये गर्व और खुशी का क्षण है क्योंकि हमारे कॉलेज की पूर्व छात्रा ने इस उपलब्धि को हासिल कर ना सिर्फ हमें गौरवान्वित किया है बल्कि कॉलेज की छात्राओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।

रेखा गुप्ता ने दिल्ली के दौलत राम कॉलेज से शुरू की थी राजनीतिक यात्रा
रेखा गुप्ता ने वर्ष 1995 में कॉलेज से कॉमर्स में स्नातक किया था। यहीं से उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की भी शुरुआत की। 1992 में उन्होंने दौलत राम कॉलेज की छात्रा के रूप में ही ABVP यानी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ज्वाइन की थी। 1996 – 97 में छात्र संघ का चुनाव जीत कर वे डूसू की अध्यक्ष चुनी गईं और अध्यक्ष पद पर रहते हुए उन्होंने छात्रों के मुद्दों को उठाया। उन्हें बधाई देते हुए प्रधानाचार्या की ओर से लिखा गया है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने पर हम कॉलेज की ओर से उन्हें बधाई देते हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से की थी। वर्ष 1993 में वे DUSU की महासचिव चुनी गई थीं। और वर्ष 1996 से 97 तक वे DUSU की अध्यक्ष भी रही। रेखा गुप्ता भाजपा शासित प्रदेशों की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री है। दौलत राम कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय के नौर्थ कैंपस का जाना माना महिला कॉलेज है। कॉलेज की स्थापना वर्ष 1960 में शिक्षाविद् दौलत राम गुप्ता ने की थी।