Literature Awards : साहित्यकारों को सम्मानित करने के लिए इंडिया नेटबुक्स और बीपीए फ़ाउंडेशन द्वारा नोएडा के सातवें साहित्यकार सम्मान समारोह की घोषणा की गई है। बीपीए फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि यह सम्मान समारोह आगामी 1 मार्च 2025 को नोएडा के समीप मयूर विहार दिल्ली स्थित होटल क्राउन प्लाजा में आयोजित किया जा रहा है।
नोएडा के साहित्यकारों को मिलेगा सम्मान
डॉ संजीव कुमार ने बताया 2025 का शिखर सम्मान – वेदव्यास सम्मान, प्रसिद्ध साहित्यकार गिरीश पंकज को प्रदान किया जाएगा। जबकि अन्य शिखर सम्मानों में महाकवि कालिदास सम्मान दिविक रमेश को, भारतेंदु सम्मान हरीश नवल को और बागेश्वरी सम्मान श्रीमती संतोष श्रीवास्तव को प्रदान किए जाएंगे।
साहित्य विभूषण, साहित्य भूषण और साहित्य रत्न सम्मान भी दिए जाएंगे
इसके अलावा अलंकरण समारोह में क्षेत्रीय भाषाओं के सम्मान में सी पी देवल, यू जी ब्रम्ह एवं केशुभाई देसाई को भी सम्मानित करने की घोषणा की गई है। शिखर सम्मानों के साथ ही 25 साहित्य विभूषण सम्मान, 30 साहित्य भूषण सम्मान, 45 साहित्य रत्न सम्मान के अतिरिक्त 2 बीपीए रत्न सम्मान, 3 कथा बिंब पुरस्कार एवं 2 अनुस्वार रत्न पुरस्कार भी प्रदान किये जायेंगे।
एक छत के नीचे मिलेंगे कई साहित्यकार
सम्मान समारोह (Literature Awards) का उद्देश्य उन साहित्यकारों को सम्मानित करना है, जिन्होंने साहित्य सृजन में उत्कृष्ट योगदान दिया है और अपनी रचनाओं के माध्यम से विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण प्रगति के साथ अतुलनीय सेवाएं प्रदान की हैं। समारोह में साहित्यकार आपस में एक दूसरे से रूबरू तो होंगे ही साथ ही इस दौरान उनके विचार भी सुनने का मौका मिलेगा।