New Delhi: शिक्षक दिवस के अवसर पर कमला ग्राम विकास संस्थान ने राजधानी दिल्ली स्थित कान्सटीट्यूशनल क्लब में ‘भाषाई लोकतंत्र और भारतीय शिक्षण परंपरा’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे इंडियन नर्सरीमेन एसोसिएशन (INA) के अध्यक्ष वाईपी सिंह को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
वाईपी सिंह को यह सम्मान देश को हरियाली की राह पर अग्रसर करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके लंबे समय से चले आ रहे अथक प्रयासों के लिए दिया गया। कार्यक्रम की गरिमा को सांसद कालीचरण जी, पद्म भूषण राम बहादुर राय जी, पद्मश्री अशोक भगत जी और एम्स नई दिल्ली के संजय राय जी की उपस्थिति ने और बढ़ाया।
38 वर्षों से सक्रिय INA नर्सरी व्यवसायियों का विश्वसनीय मंच रहा है। 2018 में वाईपी सिंह के नेतृत्व संभालने के बाद संगठन ने राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई और हर राज्य में अपनी पहुंच स्थापित की। आज यह संस्था छोटे गांवों की नर्सरी से लेकर बड़े शहरी प्लांटेशन केंद्रों तक हजारों लोगों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण की एक मजबूत धारा बना चुकी है।
इस अवसर पर संस्थान ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकास तभी संभव है जब पर्यावरण सुरक्षित और सशक्त हो। 5 सितंबर का यह दिन न केवल वाईपी सिंह का सम्मान था, बल्कि उन सभी गुमनाम हाथों की मेहनत का भी आदर था जो हर दिन मिट्टी और पौधों के जरिए भविष्य को हरा-भरा बनाने में लगे हैं।