US Election : दुनिया के सबसे ताकतवर देश अमेरिका में मंगलवार 5 नवंबर, सबसे ताकतवर राष्ट्रप्रमुख (President Election) को चुनने का दिन है। अमेरिका में हमेशा से दो दलीय व्यवस्था (Two Party System) रही है। अमेरिकी चुनाव दो दलों के बीच ही होता है। यह दल हैं, डेमोक्रेटिक पार्टी (Democratic Party) और रिपब्लिकन पार्टी (Republican Party)। डेमोक्रेटिक पार्टी के साथ गधे का पहचान चिन्ह जुड़ा हुआ है, तो रिपब्लिकन पार्टी की पहचान हाथी से होती है। जानवरों के यह प्रतीक चिन्ह इन पार्टियों की पहचान के साथ कैसे जुड़ गए, इसे जानने के लिए 100 साल से भी पहले के इतिहास में जाना होगा।
कैसे मिला डेमोक्रेट्स को गधा और रिपब्लिकन को हाथी ?
दरअसल एक शताब्दी से भी पहले मशहूर अमेरिकी कार्टूनिस्ट थॉमस नास्ट (Thomas Nast ) ने इन दो जानवरों के कार्टून दोनों पार्टियों के लिए बनाए थे। राजनीतिक कार्टूनिस्ट थॉमस नास्ट को अमेरिका में कार्टून का जनक माना जाता है। उन्होंने ही गधे और हाथी के कार्टून को अमेरिका की दो प्रमुख पार्टियों के साथ जोड़कर उन्हें लोकप्रिय बनाया था। सांता क्लॉज को लाल चौगा पहनाकर और दाढ़ी लगाकर मशहूर करने वाले भी थॉमस नास्ट थे। शताब्दियों पूर्व, अमेरिका में राजनीति का ऐसा दौर था जब चित्र और कार्टून अभिव्यक्ति के सशक्त माध्यम थे। पॉलीटिकल कार्टून के माध्यम से प्रभावित होकर जनता अपनी राजनीतिक सोच और समझ विकसित करती थी। यह कार्टून चुनाव पर भी प्रभाव डालते थे। कार्टून के माध्यम से जटिल मुद्दे और बातें जनता तक आसानी से संप्रेषित होती थीं। कार्टून की वह ताकत थी जो अनिर्णय की स्थिति में रहने वाले मतदाताओं को प्रभावित कर चुनाव का रुख पलट देते थे।
Thomas Nast (1840 -1902) अमेरिकी कार्टून के जनक
अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन भी युवा कार्टूनिस्ट नास्ट से प्रभावित थे। और उन्हें सर्वश्रेष्ठ भर्ती जनरल (Best Recruiting General) कहा करते थे । कार्टूनिस्ट नास्ट का झुकाव भी रिपब्लिकन पार्टी की तरफ था।
व्यंग्य से शुरू हुई गधे और हाथी की कहानी
1870 में एक साप्ताहिक पत्रिका हार्पर्स ( Harper’s) लिए नास्ट ने एक कार्टून बनाया था जिसमें एक गधे को मृत शेर को लात मारते हुए दिखाया गया था और कार्टून पर लिखा था “एक जीवित गधा एक मरे हुए शेर को लात मार रहा है” “A live jackass kicking a dead lion!” यहां गधे को डेमोक्रेट के रूप में दर्शाया गया था। मरे हुए शेर के रूप में रिपब्लिकन पार्टी के युद्ध सचिव Edwin Stanton का कार्टून था। जिनका का तब निधन हुआ था। लिंकन के युद्ध सचिव यानी सेक्रेट्री आफ वार की डेमोक्रेटिक दल द्वारा आलोचना की जाती थी। डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए गधे के चिन्ह का उपयोग नास्ट, पार्टी के प्रति अपनी क्षुद्र सोच की वजह से भी करते थे। The Smithsonian पत्रिका में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए गधे के प्रतीक का उपयोग इससे भी काफी पहले शुरू हो चुका था। 1828 में जब डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार Andrew Jackson राष्ट्रपति चुनाव के लिए खड़े हुए तो उनके विरोधी उन्हें Jackass यानी गधा कहा करते थे। इसके जवाब में जैक्सन ने गधे के चित्र को अपने चुनाव प्रचार में इस्तेमाल करना शुरू कर दिया और उन्होंने इस गधे को गलत सोच वाले धीमे और जिद्दी विरोधी के मुकाबले, मजबूत, दृढ़ निश्चयी और दृढ़ इच्छा शक्ति वाला बताना शुरू कर दिया।
2018 में CNN में आई एक रिपोर्ट के मुताबिक 1874 में नास्ट ने एक कार्टून बनाया था जिस पर लिखा था Third Term Panic क्योंकि तब द न्यूयॉर्क हेराल्ड अखबार के हवाले से ऐसी चर्चा थी कि Ulysses Grant रिपब्लिकन राष्ट्रपति, 1876 में तीसरी बार राष्ट्रपति चुनाव के लिए खड़ा होना चाहते हैं। उस समय चयनित राष्ट्रपति के लिए तीसरी बार चुनाव में खड़े होने की कोई मनाही नहीं थी जैसा कि अब है। तब नास्ट ने उनके तीसरी बार राष्ट्रपति पद के लिए खड़े होने की चर्चा को लेकर ऐसा कार्टून बनाया था जिसमें हेराल्ड को शेर की खाल पहने एक गधे के रूप में दर्शाया गया था, जो अन्य जानवरों को ग्रांट की तानाशाही की कहानियां बता कर डरा रहा है। इन जानवरों में एक विशाल हाथी को भी बैठा दिखाया गया था। जिस पर उन्होंने द रिपब्लिकन वोट (The Republican Vote ) का लेबल लगाया था। हाथी को इस तरह दिखाया था मानो वह ऊंची चट्टान से गिरने वाला हो। नास्ट रिपब्लिकन के लिए हाथी के कार्टून का इस्तेमाल करते थे और मौका आने पर रिपब्लिकन पार्टी पर भी व्यंग्य कसने से नहीं चूकते थे।