आजकल की भाग दौड़ भरी जिंदगी, घर और ऑफिस के काम के बीच संतुलन बैठाना,डेडलाइन मीट करना, परफॉर्मेंस प्रेशर, घर परिवार की देखभाल,समय के अभाव में यह सब जिम्मेदारियां, जिंदगी को तनाव की तरफ ले जाती हैं,और तनाव न सिर्फ हमारी उत्पादक क्षमता को कम करता है बल्कि उसका असर हमारे स्वास्थ्य और शरीर पर भी दिखने लगता है। नींद ना आना, सोने का पैटर्न बदलना, बाल झड़ना, थकान होना,पाचन की समस्या और असमय बालों का सफेद होना ऐसी कई समस्याओं की बड़ी वजह तनाव भी है।
जिंदगी की जिम्मेदारियों को तो कम नहीं किया जा सकता लेकिन अगर समय निकाल कर योग के कुछ सरल आसान नियमित कर लिए जाए तो तनाव की समस्या काफी हद तक काबू में आ सकती है । हम आपको बताने जा रहे हैं योग के कुछ ऐसे सरल आसान जिन्हें आप दिन भर में कुछ मिनट का समय निकालकर आसानी से कर सकते हैं। और इन आसनों के नियमित अभ्यास से आप तनाव की समस्या पर काफी हद तक काबू पा सकते हैं।
1 वज्रासन : यहआसन बहुत ही सरल आसन है । वज्रासन स्ट्रेस को कम करने में मदद करता है। इस आसन से शरीर में बेहतर ब्लड सर्कुलेशन होता है जो मांसपेशियों को तनाव मुक्त कर पूरे शरीर को रिलेक्स करता है साथ ही अच्छी और गहरी नींद के लिए भी वज्रासन मददगार साबित होता है । पाचन क्रिया को ठीक रखने में भी ये आसान मदद करता है । रात को खाने के कुछ समय बाद सोने से पहले वज्रासन करने से नींद और पाचन संबंधी परेशानियां दूर होती है।
2 पश्चिमोत्तानासन : यह आसान तनाव को कम करने में तो मदद करता है ही साथ ही इस योगासन को करने से कंधों और कमर के दर्द में भी राहत मिलती है । साथ ही इस योगासन के नियमित अभ्यास से पेट का मोटापा भी घटता है । इस आसन को करते हुए पैरों की मांसपेशियां स्ट्रेच होती हैं जिससे तनाव में कमी महसूस होती है और हम रिलैक्स महसूस करते हैं।
3 बाल आसान : जैसा की नाम से ही स्पष्ट है बाल आसान बहुत ही आसान योग आसन है और इसे करने के बाद आप फौरी तौर पर तनाव से राहत महसूस करते हैं। बाल आसान को कभी भी किया जा सकता है । यह आसन अपने आप में आराम करने की मुद्रा का ही आसान है जो मुश्किल योग क्रिया करने के बाद भी करना चाहिए । इस आसन से मामूली खिंचाव महसूस होता है जो शरीर को रिलेक्स करता है और दिमाग को शांत रखता है। तनाव और हल्के अवसाद(Depression) में भी यह आसान मददगार होता है। साथ ही पीठ और गर्दन के दर्द से भी राहत दिलाता है।
4 सुखासन : जिसके नाम में ही सुख है वह आसन तो जरूर करना चाहिए। यह आसन भी बेहद सरल है और इसके नियमित अभ्यास से तनाव कम होता है और ध्यान केंद्रित करने में भी यह आसन मददगार होता है। रोजाना केवल 10 मिनट सुखासन करने से आपको मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने में मदद मिलती है । ध्यान के लिए भी यह आसन बहुत सरल है । यह आसन हर कोई आसानी से कर सकता है।
5 मार्जरासन: तनाव कम करने के लिए एक और असर दायक आसन है मार्जरासन। इस आसन में पीठ ,रीढ की हड्डी और मांसपेशियों को भी मजबूती मिलती है साथ ही शारीरिक और मानसिक तनाव भी कम होता है। इसे कैट स्ट्रेच योग भी कहा जाता है। इस आसन में आप एक बिल्ली की तरह अपने शरीर में खिंचाव लाते हैं। यह आसान तनाव दूर कर मस्तिष्क को रिलेक्स करता है। पीठ और गर्दन में खिंचाव लाता है और तनाव को कम करता है ।
यह सभी आसन तनाव कम करने में काफी लाभकारी है लेकिन ख्याल रखें शुरुआत में आप प्रत्येक आसन को अपनी क्षमता अनुसार एक या दो मिनट तक ही करें, धीरे-धीरे अवधि बढ़ाते हुए 5 या 10 मिनट तक प्रत्येक आसन किया जा सकता है। आसन करते हुए कोई भी असुविधा हो तो आसन को वहीं रोक देना चाहिए।
यह भी पढ़ें | गुणों से भरपूर पान का पत्ता, यूरिक एसिड घटाने से लेकर वजन कम करने में भी सहायक