Japan’s Tourism Surge: जापान की संस्कृति, यहां का खानपान और वास्तु कला हमेशा से पर्यटकों को लुभाती रही है। फिर भी पश्चिमी और यूरोपीय देशों की अपेक्षा जापान में पर्यटकों की आमद एक सीमा के अंदर ही रहती थी। लेकिन हाल के दिनों में पर्यटन के क्षेत्र में एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है, जहां जापान को लेकर दुनिया भर में पर्यटकों की उत्सुकता बढ़ी है।
Covid के बाद जापान में पर्यटकों की बहार
Covid19 के यात्रा प्रतिबंधों के हटने के बाद 2022 से जापान में पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा देखा गया है। 2022 के बाद जापान ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई तरह के यात्रा प्रतिबंध हटा लिए हैं।
जापानी करेंसी येन (Yen) में आई गिरावट से बढ़ी पर्यटकों की आमद
अमेरिकी डॉलर और अन्य यूरोपीय करेंसी की तुलना में जापानी मुद्रा येन की कीमत गिरने से पर्यटकों के लिए जापान घूमना अब पहले से सस्ता हो गया है । यह भी एक बड़ी वजह है कि यहां पर्यटकों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ रही है ।
जापान में पर्यटकों की संख्या ने तोड़ा रिकॉर्ड
मार्च 2024 में जापान में 30 लाख से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का आगमन हुआ है, जो किसी एक महीने में जापान में आए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संख्या का नया रिकॉर्ड है । कोविड से पहले मार्च 2019 की तुलना में मार्च 2024 में 10 फ़ीसदी ज़्यादा यात्रियों ने जापान की यात्रा की है। मई के महीने में भी 30 लाख से अधिक पर्यटक जापान पहुंचे थे।
पर्यटकों की भरमार से परेशान स्थानीय लोग
पर्यटकों की इस बेतहाशा आमद से जापानी प्रशासन ने भी चिंता जताई है। यहां तक की प्रधानमंत्री फुमिओ कीशिदा (Fumio Kishida) ने भी Over Tourism को लेकर चिंता व्यक्त की है। जापान में आने वाले दो तिहाई पर्यटक, दक्षिण कोरिया ताइवान और चीन से आते हैं। जापान की संस्कृति और रहन-सहन से प्रभावित इन देशों के कुछ लोग जापान को अपना स्थाई ठिकाना भी बनाना चाहते हैं। पर्यटको की बढ़ती संख्या से जापान के प्रसिद्ध पर्यटक स्थलों पर मेले जैसे दृश्य नजर आने लगे हैं ।
जापान की शाही राजधानी क्योटो (Kyoto) (हजार साल तक जापान की प्राचीन राजधानी) में पर्यटकों की ठेलम ठेल नजर आती है। शहर में हर तरफ पर्यटक ही पर्यटक नजर आते हैं। पहले कभी ऐसे हालात नहीं थे। कई बार प्रशासन के लिए व्यवस्था बनाना भी मुश्किल हो जाता है। स्थानीय नागरिकों के मुताबिक पर्यटकों की ऐसी भीड़ उन्होंने पहले यहां नहीं देखी थी। पर्यटक अब ऐसे इलाकों में भी जाने लगे हैं जहां पहले आमतौर पर पर्यटक नहीं जाते थे। जैसे अब माउंट फ्यूजी (Mount Fuji) के पास छोटे शहरों में भी पर्यटकों की भीड़ दिखने लगी है। इससे आम तौर पर शांत और विनम्र माने जाने वाले जापानी नागरिकों के लिए भी धैर्य रखना मुश्किल हो रहा है।
पर्यटकों की बढ़ती भीड़ से स्थानीय नागरिकों को शहर में यातायात और दूसरी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटकों की भीड़ की वजह से ट्रेनों, बसों और यातायात के दूसरी साधनो में काफी भीड़ देखी जा रही है । पर्यटको की बढ़ती संख्या को लेकर होटलो पर भी दबाव है और स्थानीय होटल मालिकों ने इसे इसे देखते हुए होटल के कमरों का किराया भी बढ़ा दिया है। जापानी लोगों का कहना है कि कई बार पर्यटक स्थानीय संस्कृति और रीति रिवाज का सम्मान भी नहीं करते हैं। पर्यटकों के शोर शराबे से उन्हें अपने आम जनजीवन में अशांति महसूस होती है।
दूसरा पक्ष: पर्यटन से मजबूत हो रही अर्थव्यवस्था
भले ही पर्यटकों की भीड़ से थोड़ी असुविधा हो रही हो, लेकिन इसका सुखद पहलू यह है कि इससे जापान की अर्थव्यवस्था को जबरदस्त बूम मिला है । विदेशी पर्यटकों द्वारा जापान में खर्च की गई रकम ने वित्तीय वर्ष 2023 -24 में जापान की GDP में 9% का योगदान दिया है। जो जापान के अर्थव्यवस्था के लिए बेहद मददगार साबित हुआ है । पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों की आमदनी और रोजगार में कई गुना वृद्धि हुई है। पर्यटन व्यवसाय बढ़ जाने से जापान में टूरिज्म सेक्टर में काम करने वाले लोगों की मांग बढ़ गई है और उन्हें अच्छा वेतन भी मिल रहा है। जापान नेशनल टूरिज्म ऑर्गेनाइजेशन (Japan National Tourism Organization) के आंकड़ों के मुताबिक साल 2024 के शुरुआती 5 महीनो में देश में करीब 14.5 मिलियन यानी 145 लाख पर्यटक आ चुके हैं। जो पिछले साल इसी अवधि में आए पर्यटकों की संख्या में 70 फ़ीसदी का इजाफा है।