Congress Headquarter: बशीर बद्र का यह शेर, “जिस दिन से चला हूँ मेरी मंज़िल पे नज़र है, आँखों ने कभी मील का पत्थर नहीं देखा” मंज़िल की तलाश कभी खत्म नही होती। यह बात देश की सबसे पुरानी पार्टी के लिए भी मुफ़ीद लगती है। लगभग 5 दशकों तक AICC HQ यानी ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के हेड क्वार्टर के रूप में 24 अक्टूबर रोड का पता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए खास रहा है। 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय, कांग्रेस पार्टी के इतिहास की छोटी बड़ी राजनीतिक घटनाओं का गवाह रहा है। अब लगभग आधी सदी बाद कांग्रेस मुख्यालय नई जगह पर शिफ्ट हो जाएगा। लंबे समय से पार्टी की आवश्यकताओं को देखते हुए एक बड़े कार्यालय की जरूरत महसूस की जा रही थी और अब 15 जनवरी के बाद कांग्रेस को अपना नया मुख्यालय मिल जाएगा।
24 अकबर रोड से 9 ए कोटला रोड पर होगा शिफ्ट
लगभग 5 दशकों से दिल्ली के 24 अकबर रोड के सफेद बंगले में कांग्रेस मुख्यालय संचालित होता रहा है। इस कांग्रेस मुख्यालय ने देश की सबसे पुरानी पार्टी के राजनीतिक सफर के उतार-चढ़ाव को नजदीक से देखा है। इंदिरा गांधी की जीत और हार से लेकर राजीव गांधी के पीएम बनने और उनकी शहादत का गवाह रहा 24, अकबर रोड स्थित मुख्यालय। इस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के अच्छे बुरे सभी दिन देखे हैं। पीवी नरसिम्हा राव का प्रधानमंत्रित्व काल रहा हो या फिर सीताराम केसरी के नाटकीय के रूप से कांग्रेस प्रेसिडेंट पद से हटने के बाद कांग्रेस में सोनिया युग की शुरुआत होने तक इस मुख्यालय ने कई घटनाओं को घटते देखा है। कभी सत्ता का पावर हाउस माने जाने वाला यह कार्यालय 2014 में लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद वीरान पड़ गया था और फिर लंबे समय बाद कार्यालय में 2024 के लोकसभा चुनाव के रिजल्ट के बाद फिर से रौनक लौटी। लंबे समय में इस मुख्यालय ने कांग्रेस की कई पीढियों को कमान बदलते देखा है। सोनिया गांधी के राजनीति में कम सक्रिय होने के बाद, यह कार्यालय राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की नई राजनीति को देख रहा था। लेकिन 15 जनवरी से कांग्रेस मुख्यालय का पता बदलने वाला है। 15 जनवरी से कांग्रेस मुख्यालय को नया नाम और नया पता मिल जाएगा।
24 अकबर रोड नहीं अब इंदिरा गांधी भवन होगा कांग्रेस का मुख्यालय
15 जनवरी 2025 को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी नए मुख्यालय का उद्घाटन करेंगी। कांग्रेस मुख्यालय के इस नए भवन को बनने में लगभग 15 वर्ष का समय लग गया। यूं तो इस कार्यालय की जमीन दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर है, लेकिन पार्टी ने 6 मंजिला इस मुख्यालय का मुख्य गेट कोटला रोड की ओर रखा है, इसलिए इसका पता 9 ए कोटला रोड रहेगा।
कांग्रेस मुख्यालय की इस नई इमारत की नींव दिसंबर 2009 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रखी थी। इस इमारत को बनाने में पार्टी को 15 वर्षों का समय लग गया। अब 15 जनवरी को कांग्रेस की संसदीय पार्टी चैयरमैन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसद में नेता विपक्ष राहुल गांधी इस नए भवन का उद्घाटन करेंगे। भवन का नाम इंदिरा गांधी भवन रखा गया है। उद्घाटन के मौके पर देश भर से कांग्रेस के 400 बड़े नेता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे ।
24 अकबर रोड को अलविदा
24 अकबर रोड में कांग्रेस का मुख्यालय 1978 में बनाया गया था। वह एक ऐसा समय था जब इंदिरा गांधी राजनीतिक संकटों में घिरी थी। इमरजेंसी के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार हुई थी और देश स्वतंत्र होने के बाद पहली बार कांग्रेस सत्ता से दूर हुई थी। इस वक्त कांग्रेस में दो फाड़ भी हुए थे। इंदिरा गांधी गुट की कांग्रेस के पास अपना कोई कार्यालय भी नहीं था। उस समय कांग्रेस के सांसद गड्डाम वेंकट स्वामी (Gaddam Venkatswamy) ने अपने आवास 24 अकबर रोड को पार्टी कार्यालय बनाने की पेशकश की थी। उसके बाद कांग्रेस ने 24 अकबर रोड को अपना मुख्यालय बनाया था और तभी से 1978 से जनवरी 2025 तक 24 अकबर रोड पार्टी के मुख्यालय के रूप में देश भर में पहचाना जाता है। अब पार्टी का मुख्यालय नए भवन में शिफ्ट होने के बाद 24 अकबर रोड का इस्तेमाल पार्टी की हाई प्रोफाइल बैठकों के लिए किया जाएगा।