Purnia : कसबा निवासी संजय कुमार साह का 18 जुलाई 2025 मध्य रात्रि नोएडा में निधन हो गया। वे दो माह पहले भारतीय राजस्व सेवा में चीफ कमीश्नर, इन्कम टैक्स के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इस दुखद और आकस्मिक घटना से उनके परिवार के सभी सदस्य, रिश्तेदार, बैचमेट दोस्त और कसबा समाज के लोग स्तब्ध और गमगीन हैं। आखिरी वक्त में उनके साथ उनकी पत्नी, पुत्र, पुत्री, दामाद, उनके भाई डॉo विभूति प्रसाद साह और उनके करीबी मित्र कसबा निवासी व राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में DCLR रहे जय प्रकाश स्वर्णकार, अपने परिवार के साथ मौजूद थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से सभी बहुत ही मर्माहत हैं। कसबा शहर में खबर पहुंचते ही सभी शुभचिंतक और समाज के लोग शोक में डूब गए!
संजय कुमार साह शुरू से ही मेधावी छात्र रहे थे। शुरूआती स्कूली शिक्षा कसबा के तिनपनिया स्कूल में हुई। आगे की स्कूली शिक्षा के लिए बिहार के प्रसिद्ध स्कूल “नेतरहाट” के लिए चयन हुआ। नेतरहाट से मैट्रिक की परीक्षा उत्कृष्ट श्रेणी में उत्तीर्ण होने के बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय के कॉमर्स कॉलेज से बी कॉम ऑनर्स में डिग्री हासिल की। आगे की उच्चतर पढ़ाई के लिए वे दिल्ली आ गए। दिल्ली विश्वविद्यालय के दिल्ली स्कूल ऑफ इकॉनमिक्स से पोस्ट ग्रेजुएट की डिग्री हासिल की।
1989 में संघ लोकसेवा आयोग की सिविल सर्विसेस की प्रतियोगिता परीक्षा में उत्तीर्ण हुए और उन्हें भारतीय राजस्व सेवा का कैडर मिला। उनकी पहली पोस्टिंग कोलकाता में बतौर एसीसटेंट कमीश्नर, इन्कम टैक्स हुई। 1997 में उनका ट्रांसफर दिल्ली हो गया। आखिरी समय तक वे दिल्ली जोन में ही कार्यरत रहे। प्रोन्नती की सीढ़ी चढ़ते हुए वे चीफ कमीश्नर के पद तक पहुंचे। इसी साल 2025 के 30 अप्रैल को वे सेवा निवृत्त हुए थे।